Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर साईं सरस्वती इंग्लिश स्कूल पहुंचा स्वदेशी जागरण मंच, संगोष्ठी के साथ हुआ पौधारोपण

जमशेदपुर। स्वदेशी जागरण मंच की ओर से चलाए जा रहे “पर्यावरण पहल” अभियान के तहत सोमवार को बागबेड़ा के मतलाडीह स्थित साईं सरस्वती इंग्लिश स्कूल में शिवम शिल्प कला केंद्र के सहयोग से संगोष्ठी एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पौधारोपण के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश देना था।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस दौरान वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के महत्व और प्रकृति के प्रति प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी पर विस्तार से अपने विचार रखे। जिला पर्यावरण प्रमुख संजय अग्रवाल ने विद्यार्थियों को रोचक प्रतियोगिताओं और संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा ध्वनि, वायु और अन्य प्रकार के प्रदूषण को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

पर्यावरण पहल के महानगर संयोजक मनोज सिंह ने प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए इसके विकल्प अपनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्लास्टिक का उपयोग कम नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर पर्यावरणीय संकट का सामना करना पड़ सकता है। कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों ने प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय रहने का संकल्प भी लिया।

इसके बाद “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने मिलकर पौधे लगाए तथा उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यालय की सचिव जयंती शांता ने कहा कि तीन माह बाद पुनः इसी अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और तब तक लगाए गए सभी पौधों का समुचित संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह संयोजक वंदे शंकर, झारखंड प्रांत के पर्यावरण प्रमुख एवं नेचुरोपैथी विशेषज्ञ डॉ. अनिल राय, विभाग सह विचार प्रमुख किरणजीत कौर, जिला विचार विभाग प्रमुख अशोक कुमार, जिला कार्यालय प्रमुख मनोज सलूजा, जिला सह पर्यावरण प्रमुख विनय शर्मा, युवा प्रमुख अखिल सिंह, सुमित, रमेश, सुरेंद्र प्रजापति, शिवम शिल्प कला केंद्र की अध्यक्ष मधु सिंह, ममता, निशा सिंह, सोनू बिस्वाल, चमन गिल, माधुरी देवी सहित स्वदेशी जागरण मंच एवं शिवम शिल्प कला केंद्र के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के अध्यक्ष जयंती रमन, सचिव जयंती शांता, प्राचार्य अशोक घोष तथा विद्यालय के सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिल राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मधु सिंह ने प्रस्तुत किया।

Related Post