जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित छोटा बांकी डैम में रविवार शाम डूबे 16 वर्षीय किशोर राहुल का शव करीब छह घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद बरामद कर लिया गया। राहुल जेम्को का रहने वाला था। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राहुल रविवार शाम अपने कुछ दोस्तों के साथ छोटा बांकी डैम में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही उसके परिजन और एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
राहुल की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से लगातार करीब छह घंटे तक डैम में सर्च अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद देर रात राहुल का शव पानी से बाहर निकाला गया।
शव बरामद होने के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पूरे मामले की जांच करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

