Breaking
Mon. Jul 20th, 2026

कदमजोड़ा में खेत से युवक का नग्न शव बरामद, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र की मुकरुडीह पंचायत अंतर्गत कदमजोड़ा गांव में रविवार को एक युवक का नग्न शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। खेत में शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

मृतक की पहचान कदमजोड़ा गांव निवासी 36 वर्षीय चीनीवास महतो के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रविवार शाम करीब छह बजे हाराधन सिंह के खेत से शव बरामद किया गया। घटनास्थल से मृतक के कपड़े और मोबाइल फोन भी मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है।

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर धान रोपनी के लिए खेत की ओर जा रही एक महिला की नजर सबसे पहले शव पर पड़ी। नग्न अवस्था में शव देखकर वह घबरा गई और इसकी सूचना परिजनों तथा आसपास के लोगों को दी। इसके बाद वार्ड सदस्य मीरा सिंह को मामले की जानकारी दी गई। उनके पति ने तत्काल बोड़ाम थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

प्राथमिक जांच में मृतक के सिर और आंख के पास गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस का मानना है कि किसी भारी या धारदार हथियार से हमला कर युवक की हत्या की गई हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगा।

घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों तथा परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच के दौरान सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Post