Breaking
Mon. Jul 20th, 2026

बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ ने कांवर यात्रा के लिए पंजीयन पोस्टर जारी किया, 9 अगस्त को 1000 शिवभक्त जाएंगे सुल्तानगंज

जमशेदपुर: सावन माह में आयोजित होने वाली नि:शुल्क कांवर यात्रा की तैयारियों के तहत रविवार को बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ ने पंजीयन के लिए मोबाइल नंबर युक्त पोस्टर का विमोचन किया। मानगो स्थित बड़ा हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिवभक्तों की उपस्थिति में पोस्टर जारी किया गया।

संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि इस वर्ष 9 अगस्त को 1000 शिवभक्तों का जत्था सुल्तानगंज के लिए रवाना होगा। यात्रा में शामिल होने के लिए “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर पंजीयन किया जाएगा। पोस्टर पर दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर श्रद्धालु अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। पंजीयन के बाद यात्रियों के लिए बसों में सीटें आरक्षित कर दी जाएंगी।

उन्होंने बताया कि पंजीयन केवल 18 वर्ष से अधिक और 60 वर्ष से कम आयु के श्रद्धालुओं का किया जाएगा। यात्रा में महिलाओं और पुरुषों की समान भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी तथा किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज तक श्रद्धालुओं को वाहन से ले जाना संभव है, लेकिन वहां से देवघर तक पैदल कांवर यात्रा के दौरान पड़ने वाले विश्राम स्थलों पर सीमित व्यवस्था होने के कारण इस बार यात्रियों की संख्या 1000 निर्धारित की गई है।

विकास सिंह ने बताया कि यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं, विश्राम के लिए धर्मशालाएं, शुद्ध निरामिष भोजन तथा मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की नि:शुल्क व्यवस्था की जाएगी, ताकि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पोस्टर का विमोचन राजकुमार श्रीवास्तव एवं उनकी धर्मपत्नी कुमकुम श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विकास सिंह, आशुतोष सिंह, किशोर बर्मन, कृष्णा सिंह, हेमंत सिंह, दुर्गा दत्ता, सिद्धेश्वरी देवी, पायल कुमारी, अजय लोहार, संदीप शर्मा, चुन्नू पांडे, मोनू चौहान, जोगिंदर सिंह, सुशील शर्मा, अंकेश श्रीवास्तव, रोहित सिंह, शुभम रजक, धीरज सिंह, कमलेश कुमार, मनोज राय, उपेंद्र प्रसाद, शिव साहू, नरेश पासवान, रामचंद्र प्रसाद, राहुल कुमार समेत बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।

Related Post