Breaking
Mon. Jul 20th, 2026

भारत फाइनेंस कंपनी में 6.10 लाख की धोखाधड़ी, फील्ड एजेंट गिरफ्तार

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र में भारत फाइनेंस कंपनी के 18 ग्राहकों से धोखाधड़ी कर 6 लाख 10 हजार रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी फील्ड एजेंट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में कंपनी के ब्रांच मैनेजर अमित कुमार केसरी की शिकायत पर पोटका थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस के अनुसार, भारत फाइनेंस कंपनी की आंतरिक जांच के दौरान वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया। जांच में पता चला कि कंपनी में ऋण वितरण और ऋण वसूली का कार्य करने वाला फील्ड एजेंट भावेश लोहरा ग्राहकों को विभिन्न बहानों से झांसा देकर उनसे जमा कराए गए पैसे अपने पास रख लेता था। इस तरह उसने कंपनी के 18 सदस्यों से कुल 6 लाख 10 हजार रुपये की हेराफेरी कर ली।

मामले का खुलासा होने के बाद ब्रांच मैनेजर ने इसकी सूचना पोटका थाना पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

पोटका थाना प्रभारी मनोज कुमार मुर्मू ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भावेश लोहरा सरायकेला-खरसावां जिले के कांडरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है और पोटका स्थित भारत फाइनेंस कंपनी में फील्ड एजेंट के रूप में कार्यरत था। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि धोखाधड़ी में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।

Related Post