जमशेदपुर: झारखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमिटी, सिख समाज आंदोलन समिति तथा विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू के जमशेदपुर दौरे का स्वागत करते हुए अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से उनसे मिलकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की है।
संगठनों की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि जमशेदपुर के सिख समुदाय के अलावा अन्य अल्पसंख्यक समुदायों के लोग तथा विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों से जुड़े सदस्य, यदि किसी प्रकार की समस्या का सामना कर रहे हैं, तो वे स्थानीय परिषद में आयोजित मुलाकात के दौरान आयोग के उपाध्यक्ष से सीधे संपर्क कर अपनी समस्याओं से अवगत कराएं और उनके समाधान का प्रयास करें।
बयान में कहा गया कि यह अल्पसंख्यक समुदाय के लिए सकारात्मक पहल है कि व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद ज्योति सिंह मथारू हर महीने लगभग 12 दिन जमशेदपुर में रहकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनके समाधान के लिए प्रयासरत हैं।
संगठनों ने जमशेदपुर में सिख समुदाय की जनसंख्या को लेकर भी अपना पक्ष रखा। उनके अनुसार, झारखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमिटी और सिख समाज आंदोलन समिति द्वारा शहर में कराए गए सर्वे के आधार पर जमशेदपुर में सिख समुदाय की आबादी लगभग 1.63 लाख है। बयान में दावा किया गया कि कुछ लोगों द्वारा इसे करीब तीन लाख बताया जाता है, जो सर्वे के अनुसार सही नहीं है।
संगठनों ने बताया कि यह सर्वे झारखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमिटी के अध्यक्ष एवं संरक्षक गुरमुख सिंह मुख्खे, तारा सिंह, गुरप्रीत सिंह, दीदार सिंह, अध्यक्ष बलजीत सिंह, जसबीर सिंह भाटिया तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में कराया गया था।
साथ ही साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अधीन आने वाली संगत से अपील की गई कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रधान निशान सिंह के नेतृत्व वाली 11 सदस्यीय टीम से संपर्क करें। इस टीम में हरपाल सिंह, सतनाम सिंह सिद्धू, सत्येंद्र सिंह रोमी, पूर्व अध्यक्ष रणधीर सिंह, सीनियर चेयरमैन सुरजीत सिंह, पूर्व प्रधान परमजीत सिंह, विक्रम सोनी, गुरपाल सिंह, त्रिलोचन सिंह, अजयब सिंह बरियार, नानक सिंह सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं।
सिख समाज आंदोलन समिति के अध्यक्ष एवं झारखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमिटी के सीनियर एडवाइजर अवतार सिंह भाटिया ने सभी अल्पसंख्यक समुदायों से अपील की कि वे अपनी लंबित एवं जटिल समस्याओं के समाधान के लिए झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू से मिलकर अपनी बात रखें, ताकि समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल हो सके।

