Breaking
Mon. Jul 20th, 2026

हजारीबाग में डेंटल कॉलेज के स्टोर इंचार्ज की संदिग्ध मौत, साथ ठहरे दो युवक लापता, हत्या की आशंका

हजारीबाग। जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित डेमोटांड के कॉलेज ऑफ साइंस एंड डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में शनिवार देर रात स्टोर इंचार्ज विकास कुमार सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह उनका शव कमरे से बरामद होने के बाद पूरे अस्पताल परिसर में सनसनी फैल गई। घटना के बाद से मृतक के साथ कमरे में ठहरे दो युवक लापता हैं, जिससे मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, विकास कुमार सिंह शनिवार रात अपने तीन साथियों पवन कुमार, दशरथ यादव और अर्जुन के साथ भोजन करने के बाद अस्पताल परिसर के एक कमरे में सोने गए थे। रविवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर कर्मचारियों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर विकास कुमार सिंह अचेत अवस्था में पड़े मिले। जांच करने पर उनकी मौत की पुष्टि हुई। वहीं, कमरे में मौजूद लोगों में से पवन कुमार और अर्जुन मौके से गायब मिले, जबकि दशरथ यादव के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।

मृतक विकास कुमार सिंह बिहार के रोहतास जिले के अरिहत थाना क्षेत्र अंतर्गत भस्वारा गांव के निवासी थे। घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे उनके रिश्तेदार ब्रजकुमार सिंह ने इसे सुनियोजित हत्या बताया। उन्होंने रसोई में कार्यरत गिरिडीह निवासी पवन कुमार, भेलवारा गांव निवासी दशरथ यादव तथा अर्जुन पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के तुरंत बाद दो लोगों का फरार हो जाना संदेह को और गहरा करता है।

सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और अस्पताल परिसर सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना की रात कमरे से कौन बाहर निकला और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Post