Breaking
Thu. Aug 27th, 2026

भीषण सड़क हादसे में बतख विक्रेता की दर्दनाक मौत, घटनास्थल से फरार ट्रेलर की तलाश में जुटी सेन्हा पुलिस

सेन्हा/लोहरदगा। नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में बतख विक्रेता की घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए अज्ञात ट्रेलर की तलाश में जुट गई है।

यह घटना लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना के समीप एनएच-143ए लोहरदगा-गुमला मुख्य पथ पर हुई। मृतक की पहचान अरु गांव निवासी स्वर्गीय हजरत अंसारी के 40 वर्षीय पुत्र सफरुद्दीन अंसारी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि मृतक मूल रूप से बतख बेचकर अपने परिवार की जीविका चलाता था।

जानकारी के अनुसार, मृतक सफरुद्दीन अंसारी अपने घर से सेन्हा की ओर टीवीएस बाइक पर बतख लेकर बेचने के लिए निकला था। इसी दौरान सेन्हा थाना के समीप गुमला की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेलर की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटना को अंजाम देकर भाग रहे ट्रेलर को तत्काल पकड़ने की मांग की।

वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए सेन्हा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अन्य थानों को अलर्ट किया और भाग रहे ट्रेलर का पीछा किया, लेकिन ट्रेलर चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार ट्रेलर की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई एवं शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Related Post