Breaking
Wed. Aug 5th, 2026

प्रेमी की गिरफ्तारी के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा, महिला पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला, आरोपी फरार

कोडरमा। जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र के गरागड़गी गांव में सोमवार देर रात उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब जयनगर थाना पुलिस एक नाबालिग युवती की बरामदगी और उसके प्रेमी की गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंची। इस दौरान नाबालिग ने एक महिला पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला कर दिया। हालांकि पुलिसकर्मी की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। वहीं इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, जयनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग 6 जुलाई को अपने प्रेमी राहुल दास के साथ घर से चली गई थी। इस संबंध में युवती के पिता ने जयनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि गरागड़गी निवासी राहुल दास उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के बाद पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी।

सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि नाबालिग और उसका प्रेमी गरागड़गी गांव पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर जयनगर थाना प्रभारी विकास कुमार पुलिस बल और युवती की मां के साथ गांव पहुंचे। जैसे ही एक महिला पुलिसकर्मी आरोपी के घर का दरवाजा खोलकर अंदर जाने लगी, नाबालिग ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। महिला पुलिसकर्मी की तत्परता के कारण वह बाल-बाल बच गई।

इसके बाद पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद नाबालिग को काबू में किया। इस दौरान युवती ने जमकर हंगामा किया और अपने प्रेमी को भागने का मौका दे दिया। युवती पुलिस के सामने बार-बार कहती रही कि यदि उसके प्रेमी को कुछ हुआ तो वह आत्महत्या कर लेगी।

पुलिस ने नाबालिग के पास से चाकू बरामद कर लिया और उसे देर रात सुरक्षित कोडरमा स्थित सखी सेंटर भेज दिया। वहीं आरोपी राहुल दास की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Post