Breaking
Tue. Jul 14th, 2026

बागबेड़ा मारपीट कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र में हुए मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने बागबेड़ा थाना कांड संख्या 50/26, दिनांक 30 जून के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस के मुताबिक, कीताडीह ग्वालापट्टी निवासी तेज नारायण तिवारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पुत्र पंकज तिवारी और उसके मित्र सचिन यादव पर रवि यादव, राज मिश्रा तथा 8 से 10 अन्य लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर दोनों युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना को गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार अभियान चलाते हुए 12 जुलाई को मामले में संलिप्त तीन आरोपियों रवि यादव (24 वर्ष), रजनीश कुमार सिंह (23 वर्ष) और मोहित सिंह (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सोमवार को तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Related Post