चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित फॉरेस्ट इलाके के घने जंगल से मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव एक पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी उस समय सामने आई, जब आसपास के बच्चे जंगल में क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान गेंद जंगल के भीतर चली गई और उसे खोजते हुए बच्चों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मृतका ने लाल रंग की नाइटी पहन रखी थी, लेकिन उसकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला किस क्षेत्र की रहने वाली थी, वह जंगल तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और महिला की पहचान कराने के प्रयास भी जारी हैं।

