रांची/बांका: अमरपुर थाना क्षेत्र के चर्चित दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी सचिन कुमार सिंह को झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने शनिवार तड़के हथियार बरामद करने के लिए बलिया गांव के जंगल में ले गई। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना में एक ओपी प्रभारी, एक सब-इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सचिन कुमार सिंह ने स्वीकार किया था कि दोहरे हत्याकांड में इस्तेमाल की गई पिस्तौल उसने बलिया गांव के जंगल में छिपा रखी है। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम हथियार बरामद करने पहुंची थी। तलाशी अभियान के दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए एक पुलिसकर्मी को धक्का दिया और झाड़ियों में छिपाई गई पिस्तौल निकालकर पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुए हमले के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे काबू में कर लिया गया।
गौरतलब है कि 5 जुलाई को अमरपुर थाना क्षेत्र के बलिया गांव के पास गुंजन सिंह और सीटू सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही सह-आरोपी सोनम सिंह उर्फ सोम सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। अब मुख्य शूटर की गिरफ्तारी और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने की कार्रवाई को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम घटनास्थल पर पहुंची और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने बताया कि आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने और पुलिसकर्मियों की जान लेने की नीयत से हमला किया था। ऐसी स्थिति में आत्मरक्षा के तहत पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले और पुलिस पर हमला करने वाले अपराधियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

