जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया नियंत्रण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए टाटा स्टील फाउंडेशन स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। फाउंडेशन का मानसी (MANSI) कार्यक्रम पोटका, डुमरिया, घाटशिला, मुसाबनी, गोलमुरी-सह-जुगसलाई और बहरागोड़ा प्रखंडों में मलेरिया जांच एवं जनजागरूकता अभियान में सहयोग दे रहा है।
मानसी टीम स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर मलेरिया जांच शिविरों के आयोजन, गांव-गांव जनसंपर्क और लोगों को जांच के लिए प्रेरित करने का कार्य कर रही है। अब तक 64 मलेरिया जांच शिविरों में 72 सहियाओं के सहयोग से 4,665 लोगों की जांच की गई, जिसमें 239 लोग मलेरिया संक्रमित पाए गए। सभी मरीजों का स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपचार शुरू कर दिया गया है।
फाउंडेशन की टीम घर-घर संपर्क कर विशेष रूप से पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों और दूर-दराज के गांवों के लोगों को जांच शिविरों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। शिविरों में रैपिड डायग्नोस्टिक किट (आरडीके) की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी स्वास्थ्य विभाग के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।
मलेरिया से बचाव के लिए टाटा स्टील फाउंडेशन की ट्राइबल आइडेंटिटी टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में 100 मच्छरदानियों का वितरण किया है, जबकि 500 और मच्छरदानियां उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। फाउंडेशन ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय समुदाय के सहयोग से मलेरिया की रोकथाम, समय पर उपचार और जनजागरूकता अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा।

