Breaking
Sat. Jul 11th, 2026

13 करोड़ की 38 विकास योजनाओं का कार्य शीघ्र शुरू हो: सरयू राय

जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम में लंबित करीब 13 करोड़ रुपये की 38 विकास योजनाओं का कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जिनका शिलान्यास भी किया जा चुका है, उनका कार्य बिना कारण रोके रखना जनहित के खिलाफ है।

शनिवार को जारी बयान में सरयू राय ने बताया कि हाल ही में उनकी पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त के साथ बैठक हुई थी। बैठक में मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के नगर आयुक्त व उप नगर आयुक्त तथा टाटा स्टील यूआईएसएल के महाप्रबंधक भी उपस्थित थे। बैठक में शहर की विभिन्न जनसुविधाओं और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।

राय ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र की 38 योजनाओं का टेंडर चुनाव से पहले ही पूरा हो चुका था और उनका सामूहिक शिलान्यास भी किया गया था। इसके बावजूद इन योजनाओं का कार्य रोक दिया गया है। इनमें नित्यानंद कॉलोनी की जल निकासी योजना, चार बड़े नालों का निर्माण, दो प्रमुख सड़क परियोजनाएं तथा सड़क एवं नाली से जुड़ी 32 अन्य योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा है तो उसका समाधान कर कार्य शुरू कराया जाना चाहिए।

विधायक ने कहा कि विकास कार्य नियमों और कानून के अनुरूप होने चाहिए तथा किसी भी प्रकार के बाहरी या असंवैधानिक दबाव में प्रशासनिक निर्णय नहीं लिए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम को झारखंड नगरपालिका अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप ही कार्य करना चाहिए और अधिकारियों को अनावश्यक दबाव से मुक्त होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

सरयू राय के अनुसार, उपायुक्त ने भी बैठक में इस बात पर सहमति जताई कि यदि योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई बाधा है तो उसे दूर कर विकास कार्य जल्द शुरू किए जाने चाहिए, ताकि जनता को इन परियोजनाओं का लाभ मिल सके।

Related Post