कुडू/लोहरदगा। कुडू थाना पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वारंटियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में लोहरदगा जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के फरार आरोपियों में हड़कंप मच गया है।
थाना प्रभारी अजीत कुमार के नेतृत्व में की गई छापेमारी में शिंजो गांव निवासी अरबाज अंसारी उर्फ बौना तथा कोलसिमरी गांव निवासी नंदलाल उरांव को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से वारंट निर्गत था और पुलिस को लंबे समय से उनकी तलाश थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार नंदलाल उरांव अवैध खनन से जुड़े मामले का आरोपी है। वहीं अरबाज अंसारी उर्फ बौना का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि न्यायालय से जारी वारंटों के निष्पादन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी फरार आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

