Breaking
Fri. Jul 31st, 2026

सतगावां में सर्पदंश से 13 वर्षीय मासूम की मौत, परिजनों में मातम

कोडरमा/सतगावां। सतगावां थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती पंचायत राजाबर अंतर्गत कुसहनियां ग्राम में सर्पदंश से एक 13 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक बच्चे की पहचान कुसहनियां ग्राम निवासी प्रकाश राय के 13 वर्षीय पुत्र कमलेश कुमार के रूप में की गई है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार घटना बीती रात की है। कमलेश अपने घर में सोया हुआ था। इसी दौरान किसी जहरीले सांप ने उसे डस लिया। घटना का पता सुबह तब चला, जब कमलेश की मां उसे जगाने के लिए गई। बिस्तर से उठते ही कमलेश ने अपनी मां को बताया कि उसके पेट में तेज जलन और बेचैनी हो रही है। इतना कहते ही वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

बेटे की हालत बिगड़ती देख परिजनों ने शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों की मदद से आनन-फानन में एक चार पहिया वाहन का इंतजाम किया गया और बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां ले जाया गया। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Post