Breaking
Thu. Jul 9th, 2026

एसोसिएशन ग्राउंड के पास गांजा बेचते एक व्यक्ति गिरफ्तार, 70 पुड़िया गांजा व नकदी बरामद

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एसोसिएशन ग्राउंड के पास अवैध रूप से गांजा बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, चाईबासा बहामन टूटी ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सदर थाना को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति एसोसिएशन ग्राउंड के पास गांजा की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर सनहा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी के नेतृत्व में दंडाधिकारी के रूप में अंचलाधिकारी उपेन्द्र कुमार, थाना प्रभारी हीरालाल महतो, पुलिस अवर निरीक्षक केशव कुमार मेहता, सहायक अवर निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह तथा अन्य पुलिसकर्मियों की संयुक्त छापामारी टीम का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुरेश कुमार यादव (47 वर्ष), पिता स्वर्गीय महेश यादव, निवासी गवाला पट्टी, थाना सदर, चाईबासा तथा वर्तमान में पुलहातु स्थित दुर्गा पासवान के घर किराये पर रहने वाला बताया।

एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी लेने पर उसके पास तथा उसके बताए स्थान से 70 पुड़िया गांजा (करीब 260 ग्राम), गांजा से भरे 5 सिगरेट (गोगो), 6,500 रुपये नकद तथा रेडमी कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद गांजा के संबंध में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 67/26, दिनांक 9 जुलाई 2026 के तहत धारा 20 एनडीपीएस एक्ट, 1985 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

छापामारी दल में बहामन टूटी, उपेन्द्र कुमार, हीरालाल महतो, केशव कुमार मेहता, धर्मेन्द्र कुमार सिंह, आरक्षी 986 पीटर लियोनार्ड ड्रैगडूंग तथा आरक्षी 525 मुनुरेन लुगुन शामिल थे।

Related Post