Breaking
Thu. Jul 9th, 2026

टाटानगर स्टेशन पर मोबाइल चोर नाबालिग गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान

जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे संयुक्त अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक नाबालिग को मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके पास से यात्री का चोरी हुआ मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, आदित्यपुर के लंका टोला निवासी नाबालिग ने देर रात टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रा कर रहे बापी मिध्या का मोबाइल फोन चोरी कर लिया था। मोबाइल गायब होने पर पीड़ित यात्री ने तत्काल इसकी सूचना आरपीएफ और जीआरपी को दी। शिकायत मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू की। फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को स्टेशन परिसर के समीप पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद आरपीएफ ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर आरोपी नाबालिग को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जीआरपी थाना टाटानगर के हवाले कर दिया।

यह कार्रवाई चक्रधरपुर मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) तथा रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के दिशा-निर्देश में संचालित अभियान के तहत की गई। अभियान का नेतृत्व आरपीएफ टाटानगर के एएसआई बलबीर प्रसाद ने किया, जबकि पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी थाना प्रभारी की निगरानी में संपन्न हुई।

रेल पुलिस अब नाबालिग से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह अकेले चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था या फिर स्टेशन पर सक्रिय किसी संगठित गिरोह से उसका संबंध है।

Related Post