Breaking
Thu. Jul 9th, 2026

24 घंटे में राहुल बच्चा हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी घायल

जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के समीप राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या के सनसनीखेज मामले का पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ सब्बे हथियार बरामदगी के समय पुलिस पर फायरिंग कर बैठा। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एहतेशाम वकारिब ने बताया कि 8 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा पर गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास ईंट, पत्थर और लकड़ी के लट्ठों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई राजा कुमार की शिकायत पर मानगो थाना कांड संख्या 145/2026 के तहत हत्या एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एसएसपी और पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने सरबजीत सिंह उर्फ साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली उर्फ बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पांडेय को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सभी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। मुख्य आरोपी साहेब सिंह की निशानदेही पर पुलिस हथियार बरामद करने मानगो फॉरेस्ट लाइन इलाके में पहुंची, जहां उसने झाड़ियों में छिपाकर रखी लोडेड देशी पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस ने घटनास्थल से खून के नमूने, खून से सना शर्ट, ईंट-पत्थर, अर्धजली लकड़ी, खून लगे रुपये, एक जोड़ी चप्पल तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में साहेब सिंह, अफताब अली और अमरजीत प्रसाद के खिलाफ हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और चोरी सहित कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं मृतक राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा पर भी हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज थे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के साथ अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Post