चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित मझगांव विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी के मझगांव मंडल तथा कुमारडुंगी मंडल पूर्वी एवं पश्चिमी की अलग-अलग बैठकें मंगलवार को संबंधित मंडल कार्यालयों में आयोजित की गईं। दोनों बैठकों में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठकों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की गई।
मझगांव मंडल की बैठक भाजपा कार्यालय मझगांव में मंडल अध्यक्ष पीतांबर राउत की अध्यक्षता में हुई। बैठक की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ की गई। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए प्रत्येक पंचायत स्तर पर प्रभारी, संयोजक और सह-संयोजकों की नियुक्ति की गई। उन्हें मंडल, पंचायत और बूथ स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए बड़कुंवर गागराई ने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर से शुरू होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लगातार जनता के बीच संपर्क बनाए रखने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान पार्टी के बीएलए-2 कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज सेवा के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष मंगल सिंह हेंब्रम ने किया।
वहीं कुमारडुंगी स्थित भाजपा कार्यालय में कुमारडुंगी मंडल पूर्वी एवं पश्चिमी की संयुक्त बैठक मंडल अध्यक्ष रामेश्वर सिंकु की अध्यक्षता में हुई। बैठक की शुरुआत भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इस दौरान मंडल के नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को सम्मानित किया गया।
बैठक में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटे नहीं और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। इसके लिए बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर मतदाता सूची के सत्यापन और जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठकों में मझगांव मंडल से अनिल बिरुली, मजहर हुसैन, प्रकाश भूषण सिकु, नारेश दोड़ाई, बेबी सिंपल पिंगुवा, रामदेव पिंगुवा, जागदीश नायक, कांग्रेस मांझी, संजीव माटीया, मोहम्मद मुमताज, मोहम्मद जमाल, सुमंत नायक, हेमंत नायक, जुमल सोय, डमरुधर भिमकुल, भगत भूमीज और सिकंदर हेंब्रम उपस्थित थे। वहीं कुमारडुंगी मंडल की बैठक में महामंत्री दामुराम पाठ पिंगुवा, जागनाथ कोंडाकेल, ममता नायक, दीपक पोद्दार, सारनाथ दास, जागदीश बेहरा, सरोज नायक, बिकराम गागराई, उग्रसेन खंडाईत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

