Breaking
Mon. Jul 6th, 2026

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भाजपा ने किया श्रद्धांजलि कार्यक्रम, राष्ट्रवाद और अखंडता के संकल्प को किया दोहराया

जमशेदपुर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर की ओर से सोमवार को साकची स्थित जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने की। इस दौरान पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व विधायक मेनका सरदार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा के दौरान कार्यकर्ताओं ने “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अमर रहें”, “जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वो कश्मीर हमारा है” और “भारत माता की जय” जैसे नारों के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने “एक निशान, एक विधान और एक प्रधान” का जो सपना देश के सामने रखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार किया गया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति उनके विचारों और आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।

महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रवाद का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार डॉ. मुखर्जी के सपनों के भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत की पहली सरकार की नीतियों से असहमति जताते हुए डॉ. मुखर्जी ने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर भारतीय जनसंघ की स्थापना की। उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को भी राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते रहेंगे।

भाजपा जमशेदपुर महानगर के सभी 28 मंडलों में भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में शक्ति केंद्रों और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी, दिनेश कुमार, सुधांशु ओझा, कल्याणी शरण, कुलवंत सिंह बंटी, मनोज सिंह, रमेश हांसदा, संजीव सिंह, राजीव सिंह, जितेंद्र राय, तन्मय झा, रेणु सिन्हा, रिंकू सिंह, संजीत चौरसिया, अखिल सिंह, उज्ज्वल सिंह, रमेश बास्के, पवन अग्रवाल, अजय श्रीवास्तव, प्रदीप मुखर्जी, शैलेश गुप्ता, अमिताभ सेनापति, श्वेता कुमारी, शशांक शेखर, काजू सांडिल सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Post