Breaking
Mon. Jul 27th, 2026

जमशेदपुर बंद को जनता का व्यापक समर्थन, हेमंत सरकार की कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल : डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी

जमशेदपुर: करणी सेना के सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में आयोजित जमशेदपुर बंद को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि शहर की जनता ने अभूतपूर्व समर्थन देकर राज्य सरकार की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ अपना स्पष्ट आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बंद की सफलता यह दर्शाती है कि आम लोग लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से चिंतित और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

शुक्रवार को बिष्टुपुर मेन रोड पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बंद के समर्थन में निकले डॉ. गोस्वामी ने कहा कि हेमंत सरकार के कार्यकाल में चोरी, लूट, हत्या और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधियों के मन से पुलिस व प्रशासन का भय समाप्त हो चुका है।

डॉ. गोस्वामी ने कहा कि हिमांशु सिंह पर पुलिस की मौजूदगी में हुआ जानलेवा हमला और उसके बाद हुई हत्या ने पूरे जमशेदपुर को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद शहरवासियों में भारी आक्रोश है और लोग सुरक्षित माहौल की मांग कर रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार से अपराध के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

इस दौरान डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी के साथ भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव कुमार सिंहा, भाजयुमो जिला अध्यक्ष नीतिश कुशवाहा सहित कई भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post