Breaking
Thu. Jul 2nd, 2026

रांची में बड़ी कार्रवाई: पूर्व विधानपार्षद सुबोध राय गिरफ्तार, 303 पेटी विदेशी शराब जब्त

*रांची :* राजधानी रांची के ओरमांझी स्थित तरंगनी लिकर्स प्राइवेट लिमिटेड में मंगलवार देर रात पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी छापेमारी कर 303 पेटी विदेशी शराब जब्त की। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री के मालिक, आरजेडी नेता एवं बिहार के पूर्व विधानपार्षद सुबोध राय, उनके चालक देवेंद्र भगत और कर्मचारी रविकांत राय को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में तैयार शराब पर नामी ब्रांडों के फर्जी लेबल लगाकर उसे बाजार में कम कीमत पर खपाने का आरोप है। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध शराब और पैकेजिंग सामग्री भी बरामद की गई।

छापेमारी का नेतृत्व सहायक उत्पाद आयुक्त उमाशंकर सिंह ने किया। यह कार्रवाई मंगलवार रात करीब 12 बजे शुरू हुई और बुधवार सुबह 6 बजे तक चली। जांच में सामने आया कि प्लांट में 8 PM और After Dark समेत तीन अलग-अलग ब्रांडों के नाम पर अवैध शराब तैयार की जा रही थी। बोतलों पर “For Sale Only UP” का लेबल लगा था, जिससे आशंका है कि शराब को उत्तर प्रदेश और दिल्ली के नाम पर अवैध रूप से बेचा जा रहा था।

यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले मार्च 2023 में भी इसी फैक्ट्री पर छापेमारी हुई थी, जिसमें 108 बोतल अवैध शराब बरामद की गई थी। उस समय फैक्ट्री को सील कर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन बाद में संचालन फिर शुरू हो गया।

जांच एजेंसियों के अनुसार, नकली शराब को पिकअप वैन में आलू की आड़ में बिहार और झारखंड के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किए जाने की भी आशंका है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपियों को बुधवार शाम बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेज दिया गया।

Related Post