चाईबासा: अमला टोला स्थित वार्ड संख्या-19 के आदर्श नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय में गुरुवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली अभिभावक-शिक्षक (पीटीएम) बैठक आयोजित की गई। विद्यालय सभागार में आयोजित बैठक में शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ 80 से अधिक बच्चों के माता-पिता एवं अभिभावकों ने भाग लिया।
बैठक की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। यह बैठक राज्य परियोजना निदेशक के निर्देशानुसार 29 जून से 4 जुलाई के बीच आयोजित किए जाने वाले प्रथम त्रैमासिक अभिभावक-शिक्षक बैठक के तहत हुई। पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त के निर्देश पर जिले के सभी विद्यालयों में 2 जुलाई को एक साथ इसका आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान जून माह में आयोजित प्रोजेक्ट रेल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में कक्षा-1 से सरस्वती दोराईबुरू, कक्षा-2 से सिद्धि नायक, कक्षा-3 से राखी लागुरी, कक्षा-4 से सीते बंकिरा, कक्षा-5 से रोहन दास, कक्षा-6 से प्राचीन सुरेन एवं आरती मुंडरी, कक्षा-7 से अंकिता कुमारी एवं जेमा देवगम, तथा कक्षा-8 से सुशीला बानरा एवं श्रीमाई पूर्ति शामिल रहे।
वहीं, पिछले शैक्षणिक सत्र में समग्र रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर बालक वर्ग में दुलमु बानरा तथा बालिका वर्ग में सीता तिरिया को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक असीम कुमार सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा निर्धारित एजेंडा के अलावा बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और माहवारी स्वच्छता पर भी चर्चा की गई। उन्होंने अभिभावकों को विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में सुपरवाइजर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2003 के विशेष गहन पुनरीक्षण में जिन मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल था, उनकी मैपिंग बीएलओ द्वारा पहले ही की जा चुकी है। ऐसे मतदाताओं को कोई अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं है। वहीं, जिनका नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नहीं है, उन्हें निर्धारित प्रपत्र के साथ चुनाव आयोग द्वारा तय दस्तावेज संलग्न कर जमा करना होगा।
बैठक के दौरान विद्यालय की शिक्षिकाओं ने उपस्थित महिला अभिभावकों को माहवारी स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में अभिभावकों ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना करते हुए बच्चों की शिक्षा में सहयोग देने का संकल्प लिया।

