Breaking
Thu. Jul 2nd, 2026

हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में सरयू राय के नेतृत्व में निकला विशाल मशाल जुलूस, 3 जुलाई के जमशेदपुर बंद को बताया कानून व्यवस्था बचाने की लड़ाई

जमशेदपुर। शहर में बढ़ते अपराध और डीडी बार के समीप हुई हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में गुरुवार शाम जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के नेतृत्व में बिष्टुपुर में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। माइकल जॉन ऑडिटोरियम से शुरू हुआ यह जुलूस बिष्टुपुर मेन रोड का भ्रमण करते हुए पुनः ऑडिटोरियम परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस में विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और शहर के विभिन्न वर्गों के सैकड़ों लोग शामिल हुए। बड़ी संख्या में महिलाओं की भी सहभागिता रही।

मशाल जुलूस के दौरान लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर हिमांशु सिंह को न्याय दिलाने की मांग की। पूरे मार्ग में “जमशेदपुर प्रशासन होश में आओ”, “वीर सरयू जिंदाबाद”, “कल जमशेदपुर बंद रहेगा” और “हर जोर-जुल्म के टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है” जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा।

मीडिया से बातचीत में विधायक सरयू राय ने कहा कि उनकी अपील पर कोल्हान विश्वविद्यालय ने 3 जुलाई को निर्धारित सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने समय रहते तत्परता दिखाई होती तो संभवतः हिमांशु सिंह की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी कारण लोगों को सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए विवश होना पड़ा है।

सरयू राय ने कहा कि जमशेदपुर में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और चाकूबाजी, चापड़बाजी जैसी घटनाएं आम होती जा रही हैं। उनका आरोप था कि शहर में अवैध अड्डेबाजी और अवैध शराब का कारोबार खुलेआम संचालित हो रहा है तथा ऐसे धंधों को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि जब व्यवस्था पूरी तरह विफल हो जाती है, तब जनता को आवाज उठानी पड़ती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि 3 जुलाई का जमशेदपुर बंद किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि शहर की बिगड़ती कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने के उद्देश्य से बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि अत्यावश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है ताकि आम लोगों को जरूरी सुविधाओं में कोई परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार और प्रशासन की होगी।

मशाल जुलूस में सुबोध श्रीवास्तव, शंभू सिंह, आशुतोष राय, कुलविंदर सिंह पन्नू, मुकुल मिश्रा, नीरज सिंह, अमित शर्मा, अजय कुमार, संजय तिवारी, ललन द्विवेदी, सुरंजन राय, कमलेश मुखी, अमृता मिश्रा, ऊषा यादव, रीना डे, भास्कर मुखी, दुर्गा राव, प्रकाश कोया, सतीश सिंह, राजेश प्रसाद, अर्जुन यादव, आकाश शाह, तारक मुखर्जी, दिनेश सिंह, बबलू कुमार, प्रवीण सिंह, चुन्नू भूमिज, लालू गौड़, दीपक गौड़, संजीव सिंह, अशोक सिंह, विनोद सिंह, मनोज सिंह, शंकर कर्मकार, विजय राव, एम. चंद्रशेखर राव, सन्नी सिंह, विकास साहनी, गणेश चंद्रा, विकास रजक सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Related Post