Breaking
Tue. Jun 30th, 2026

विधायक पूर्णिमा साहू की पहल पर बीमार मासूम विहा के इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से मिली एक लाख रुपये की सहायता

जमशेदपुर: घाटशिला प्रखंड के नयाग्राम निवासी संतोष कुमार मिश्रा, जो सब्जी बेचकर अपने परिवार का गुजारा करते हैं, अपनी चार माह की पुत्री विहा मिश्रा के इलाज के लिए लंबे समय से आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। गंभीर बीमारी से जूझ रही मासूम के उपचार में परिवार की पूरी जमा-पूंजी खर्च हो चुकी है, जिसके बाद उन्होंने जनप्रतिनिधियों से मदद की गुहार लगाई।

जारी एक बयान में दावा किया गया कि जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के प्रयासों से विहा मिश्रा के इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

बताया गया कि जन्म के कुछ ही दिनों बाद विहा मिश्रा को मेकोनियम एस्पिरेशन सिंड्रोम और राइट सबड्यूरल हेमाटोमा जैसी गंभीर चिकित्सकीय समस्याएं हो गई थीं। बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कर ब्रेन सर्जरी करानी पड़ी। अब तक उसके इलाज पर लगभग 14 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं, जबकि चिकित्सकों ने आगे एक और सर्जरी की आवश्यकता बताई है, जिसके लिए करीब पांच लाख रुपये अतिरिक्त चाहिए।

आर्थिक तंगी से जूझ रहे संतोष कुमार मिश्रा ने अपनी पुत्री के इलाज के लिए विधायक पूर्णिमा साहू से सहायता की अपील की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेजकर मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

बयान के अनुसार, विधायक की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने 24 जून को विहा मिश्रा के उपचार के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से एक लाख रुपये की सहायता स्वीकृत करते हुए परिवार को चेक उपलब्ध कराया। विधायक पूर्णिमा साहू ने इसके लिए मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया तथा ईश्वर से मासूम विहा के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

Related Post

You Missed