Breaking
Sat. Jun 27th, 2026

लोहरदगा में कहर बनकर गिरी आकाशीय बिजली, दो महिलाओं की मौत,आठ लोग झुलसे, सदर अस्पताल में मची अफरा-तफरी

लोहरदगा: जिले में हुई तेज बारिश और वज्रपात ने दो परिवारों की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा लाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, कुडू थाना क्षेत्र के सलगी कोलपारा गांव निवासी 48 वर्षीय घूरती उरांव शुक्रवार को खेत में कृषि कार्य कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं दूसरी घटना बगडू थाना क्षेत्र के चरहू गांव में हुई। यहां 40 वर्षीय असीदा खातून बकरियों को चराने के लिए खेत की ओर गई थीं। अचानक हुई तेज बारिश और वज्रपात के दौरान वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। आसपास मौजूद ग्रामीण जब तक उन्हें बचाने पहुंचते, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। इन घटनाओं में कर्मा उरांव, सुनील उरांव, अनिल उरांव, सोमनाथ उरांव, सोनमती देवी, नीतू कुमारी, महेंद्र मुंडा और सरस्वती देवी भी वज्रपात से झुलस गए। सभी घायलों को एंबुलेंस और स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल लोहरदगा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल इलाज शुरू किया। अस्पताल में एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी का उपचार प्रारंभ कर दिया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम, तेज बारिश और बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ के नीचे या ऊंचे स्थानों पर जाने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें। मौसम विभाग भी लगातार खराब मौसम और वज्रपात की संभावना को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है।

Related Post