सरायकेला: सरायकेला थाना क्षेत्र के दावना गांव में दो दिनों से लापता 21 वर्षीय सूरज मार्डी का शव शुक्रवार को गांव के डेम से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 12:30 बजे शव को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सूरज मार्डी 24 जून को गांव के डेम में मछली पकड़ने के लिए गया था। उस दौरान उसके साथ गांव के कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की नजर डेम में तैरते एक शव पर पड़ी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान सूरज मार्डी के रूप में की गई।
मृतक की मां ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि सूरज की मौत केवल डूबने से नहीं हुई है और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

