चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र स्थित अंगारडीहा गांव में सर्पदंश की एक दुखद घटना में 49 वर्षीय महिला बेलमाई सुंडी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतका के आश्रितों को सरकारी मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार बेलमाई सुंडी सोमवार की रात अपने घर में सोई हुई थीं। इसी दौरान उन्हें किसी जहरीले सांप ने डंस लिया। कुछ समय बाद उनके पैर में असहनीय दर्द और जलन शुरू हुई। स्थिति गंभीर होने पर उन्होंने अपनी बहू संगीता सोय को आवाज देकर बुलाया और अपनी परेशानी बताई।
संगीता सोय ने बताया कि रात लगभग 12 बजे उनकी सास ने पैर में तेज दर्द और जलन की शिकायत की थी। शुरुआत में परिवार को लगा कि यह सामान्य तकलीफ होगी, इसलिए उन्होंने पैर की मालिश कर राहत पहुंचाने का प्रयास किया। हालांकि थोड़ी ही देर में उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। शरीर में कमजोरी, बेचैनी और अन्य गंभीर लक्षण दिखाई देने लगे, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई।
स्थिति गंभीर होते देख परिवार के लोगों ने ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों के सहयोग से बेलमाई सुंडी को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन तब तक विष शरीर में काफी फैल चुका था। इलाज के दौरान मंगलवार तड़के करीब तीन बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।

