Breaking
Mon. Jun 22nd, 2026

सेन्हा के मुर्की गांव में 15 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

लोहरदगा। जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुर्की गांव में एक 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सेन्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि घटना की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

मृतका की पहचान मुर्की गांव निवासी संदीप उरांव की 15 वर्षीय पुत्री अश्वनी उरांव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। अश्वनी के पिता रोजगार के सिलसिले में बाहर गए हुए थे, जबकि उसकी मां अपने भाई का हालचाल जानने के लिए सदर अस्पताल गई हुई थीं। घर का अन्य सदस्य भी उस समय मौजूद नहीं था।

जानकारी के अनुसार, सुबह अश्वनी का भाई घर पहुंचा तो उसने दरवाजा अंदर से बंद पाया। उसने कई बार आवाज लगाई, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। उसे लगा कि उसकी बहन सो रही होगी, इसलिए वह वापस गांव की ओर चला गया। कुछ समय बाद जब वह दोबारा घर लौटा तो दरवाजा अब भी बंद था। इस पर उसे संदेह हुआ और उसने आसपास के लोगों को सूचना दी।

ग्रामीणों की मौजूदगी में वेंटिलेटर के रास्ते घर के अंदर झांककर देखा गया तो अश्वनी दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे से लटकी हुई दिखाई दी। यह दृश्य देखते ही परिजन और ग्रामीण स्तब्ध रह गए। सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर सेन्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Post