चतरा : जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के सिमरिया-बगरा-बालूमाथ मुख्य मार्ग पर सड़क दुर्घटना में संधली गांव निवासी प्रदीप बाखला की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात से शुरू हुआ सड़क जाम 12 घंटे बाद भी जारी है। परिजन और ग्रामीण मुआवजा तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर डटे हुए हैं, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिजनों का आरोप है कि कोयला वाहन के ओवरटेक करने के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें प्रदीप बाखला की जान चली गई। मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चे और अन्य परिजन हैं। घटनास्थल पर परिजनों की चीख-पुकार और विलाप से माहौल गमगीन बना हुआ है। ग्रामीण चतरा उपायुक्त को घटनास्थल पर बुलाने की मांग पर अड़े हैं। वहीं सिमरिया अंचल अधिकारी गौरव कुमार राय और थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। अंचल अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए जल्द ही सड़कों पर स्पीड मीटर और निगरानी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाया जा सके।
12 घंटे से सड़क जामः प्रदीप बाखला की मौत पर परिजनों की चीख-पुकार, मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण

