Breaking
Wed. Jun 10th, 2026

मानगो फ्लाइओवर का केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने किया निरीक्षण, 2026 के अंत तक निर्माण पूरा होने की जताई उम्मीद

जमशेदपुर। शहर की बहुप्रतीक्षित मानगो फ्लाइओवर (एलिवेटेड कॉरिडोर) परियोजना का बुधवार को केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने निरीक्षण किया। डिमना चौक और मानगो राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-33) क्षेत्र में पहुंचकर उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा परियोजना से जुड़े अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां,भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, भाजपा के मीडिया प्रभारी प्रेम झा समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने निर्माणाधीन फ्लाइओवर के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया और कार्य की गति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देशभर में आधारभूत संरचना के विकास को प्राथमिकता दे रही है और मानगो फ्लाइओवर परियोजना भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उनके अनुसार यह परियोजना पूरी होने के बाद जमशेदपुर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

सतीश चंद्र दुबे ने बताया कि लगभग 10 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड कॉरिडोर का कुछ हिस्सा वन विभाग की भूमि से जुड़ा हुआ है। आवश्यक स्वीकृतियां और अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) समय पर नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य की गति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और वन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित प्रक्रियाओं को जल्द पूरा किया जाना चाहिए, ताकि परियोजना निर्धारित समय सीमा में पूरी हो सके।

उन्होंने कहा कि फ्लाइओवर के निर्माण से मानगो, डिमना चौक, उलीडीह तथा आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी। इसके साथ ही लोगों के आवागमन का समय कम होगा और शहर के आर्थिक एवं शहरी विकास को भी नई गति मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री ने विश्वास जताया कि सभी आवश्यक अनुमतियां मिलने के बाद निर्माण कार्य और तेज होगा तथा वर्ष 2026 के अंत तक इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पूरा कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह फ्लाइओवर जमशेदपुर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।

Related Post