Breaking
Mon. Aug 24th, 2026

किसानों को जार में डीजल उपलब्ध कराने की मांग, त्रिशानु राय ने उपायुक्त को सौंपा आवेदन

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस प्रवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने किसानों की समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने बुधवार को उपायुक्त को आवेदन सौंपकर कृषि कार्यों के लिए किसानों को जार में डीजल उपलब्ध कराने की मांग की।

त्रिशानु राय ने कहा कि वर्तमान समय खेती का महत्वपूर्ण दौर है और किसान खेतों की जुताई, सिंचाई, पंपसेट संचालन तथा अन्य कृषि कार्यों के लिए डीजल पर निर्भर हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश किसान जार के माध्यम से डीजल लेकर अपने खेतों तक पहुंचाते हैं, लेकिन जिले के कई पेट्रोल पंपों पर जार में डीजल देने से इनकार किया जा रहा है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि किसान डीजल के लिए पेट्रोल पंपों का चक्कर लगाने को मजबूर हैं। समय पर सिंचाई और अन्य कृषि कार्य नहीं होने से फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है। यह स्थिति किसानों के लिए चिंता का विषय है।

त्रिशानु राय ने प्रशासन से मांग की कि जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया जाए कि वास्तविक किसानों को पहचान पत्र अथवा आवश्यक प्रमाण के आधार पर कृषि कार्यों के लिए जार में डीजल उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना है कि इससे किसानों को राहत मिलेगी और डीजल के दुरुपयोग पर भी रोक लग सकेगी।

उन्होंने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान होना चाहिए। त्रिशानु राय ने जिला प्रशासन से किसानों के हित में जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग की।

Related Post