Breaking
Wed. Jun 10th, 2026

जंगलों में बसे लोगों को अधिकार दिलाना ही बिरसा मुंडा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि : जोबा माझी

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित गोइलकेरा प्रखंड के सुदूर सारूडा गांव में मंगलवार को स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। भगवान बिरसा मुंडा कल्याण समिति, सारूडा के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सिंहभूम सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में गुदड़ी प्रखंड प्रमुख सामी भेंगरा, जिला परिषद सदस्य सुनीता लुगुन, झारखंड आंदोलनकारी बिरसा मुंडा, गोइलकेरा उप प्रमुख वरदान भुंइया सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि बिरसा मुंडा केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि समाज सुधारक भी थे। उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करने के साथ-साथ आम लोगों के हक और अधिकारों के लिए भी लड़ाई लड़ी थी। उनके विचारों और सिद्धांतों को अपनाने की आवश्यकता है।

जोबा माझी ने कहा कि जंगलों में बसे लोगों को उनका अधिकार दिलाना ही भगवान बिरसा मुंडा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए सभी से मिलकर काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि गोइलकेरा, गुदड़ी, सोनुवा और आनंदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क एवं पुल-पुलियों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। मोबाइल कनेक्टिविटी समेत अन्य बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की विकास योजनाओं का लाभ लेने तथा बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देने की अपील की। कार्यक्रम को बिरसा मुंडा, सुनीता लुगुन, सामी भेंगरा और अकबर खान ने भी संबोधित किया।

इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य के साथ अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान बिरसा मुंडा पब्लिक स्कूल, सारूडा के निर्माण के लिए भूमि दान करने वाले लोगों को सांसद के हाथों सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन कुशल रुगु ने किया। मौके पर बिरकेल की मुखिया कुंवारी बरजो, ग्रामीण मुंडा मंगरा मुंडा, रमेश लुगुन, चंदन बरजो, अल्फ्रेड भुंइया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Related Post