Breaking
Tue. Jun 9th, 2026

रेलवे अंडरब्रिज के पास ट्रैक्टर की टक्कर से 11वीं के छात्र की मौत, परिजनों का फूटा गुस्सा, थाना पर प्रदर्शन 

आदित्यपुर। सरायकेला खरसावां जिला स्थित आदित्यपुर थाना क्षेत्र के रेलवे अंडरब्रिज के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 11वीं कक्षा के छात्र कन्हाई दास की मौत के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। मंगलवार को मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आदित्यपुर थाना पहुंचे तथा दोषी ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को मुआवजा और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की। उन्होंने थाना पर प्रदर्शन किया।

मृतक की पहचान आरआईटी थाना क्षेत्र के रायडीह बस्ती निवासी 20 वर्षीय कन्हाई दास के रूप में हुई है। बताया गया कि सोमवार को वह स्कूटी से दवा लेने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान रेलवे अंडरब्रिज और चुना भट्टा के समीप एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कन्हाई गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर (संख्या JH05BG3553) को जब्त कर लिया है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि अभी तक चालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। परिजनों का कहना है कि केवल वाहन जब्त कर लेने से न्याय नहीं मिलेगा, बल्कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

थाने पहुंचे लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रेलवे अंडरब्रिज और आसपास के इलाकों में लंबे समय से भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही की शिकायत की जाती रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। इसी लापरवाही का परिणाम एक युवा छात्र की जान जाने के रूप में सामने आया है।

परिजनों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने, दोषी चालक को तत्काल गिरफ्तार करने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में ट्रैफिक नियंत्रण, गति सीमा के पालन और नियमित पुलिस निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया है और न्याय मिलने तक वे संघर्ष जारी रखेंगे।

स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि हादसे के समय ट्रैक्टर में मौजूद एक मजदूर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया था, लेकिन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। इस मामले में अब तक चालक की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

मृतक के परिजनों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई और मुआवजे को लेकर सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो वे शव के साथ मुख्य सड़क पर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। परिजनों ने प्रशासन को कार्रवाई के लिए अल्टीमेटम भी दिया है। छात्र की असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Related Post