जमशेदपुर। टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन कार्यालय में सोमवार को आयोजित मासिक सम्मान समारोह में विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर यूनियन की ओर से सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके योगदान को सराहा गया।
समारोह को संबोधित करते हुए यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अनुभव, सुझाव और विचारों को सम्मान देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि यूनियन हमेशा वरिष्ठ और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सुझावों को गंभीरता से लेती है तथा उन्हें लागू कराने का प्रयास करती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यूनियन भविष्य में भी अपने सेवानिवृत्त साथियों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और किसी भी आवश्यकता पड़ने पर वे बेझिझक यूनियन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने लंबे कार्यकाल के अनुभव साझा किए और यूनियन द्वारा किए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह में परिवार के सदस्यों की भी उपस्थिति रही, जिससे माहौल भावुक और आत्मीय बना रहा।
इस दौरान व्हीकल फैक्ट्री, क्यूए, रियल एक्सल, फाउंड्री, इंजन फैक्ट्री, ईआरसी, फ्रंट एक्सल, पेंट फैक्ट्री, ड्राइव हेड और फ्रेम फैक्ट्री से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, यूनियन के पदाधिकारी, कमेटी सदस्य तथा आरके सिंह फैंस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा ने किया।

