Breaking
Sun. Jun 7th, 2026

चिड़िया में सेल के ठेकेदार ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चिड़िया थाना क्षेत्र स्थित चिड़िया गांव में रविवार सुबह एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 54 वर्षीय मनोहर झा के रूप में हुई है, जो सेल से जुड़े निजी ठेकेदार थे। घटना की सूचना मिलते ही चिड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय मनोहर झा घर में अकेले थे, जबकि उनके परिवार के अन्य सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। रविवार सुबह उनका एक परिचित उनसे मिलने उनके घर पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसने खिड़की से अंदर झांककर देखा, जहां मनोहर झा का शव फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। इसके बाद उसने तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मनोहर झा स्थानीय स्तर पर एक निजी ठेकेदार के रूप में सक्रिय थे और सामाजिक तथा राजनीतिक गतिविधियों में भी उनकी भागीदारी रहती थी। उनके निधन की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि उन्हें लंबे समय से कोई नया ठेका नहीं मिल रहा था, जिसके कारण वे मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से वे काफी चिंतित और परेशान नजर आ रहे थे। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

चिड़िया थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान मिलने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों और परिचितों से भी पूछताछ कर जानकारी एकत्र कर रही है। फिलहाल पूरे गांव में इस घटना को लेकर शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Related Post