Breaking
Thu. Jun 4th, 2026

रक्त केंद्र में जेल-कार्ड टेक्नोलॉजी से जांच शुरू करने की मांग

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने रक्त केंद्र, चाईबासा में रक्त समूह निर्धारण एवं क्रॉस मैचिंग की प्रक्रिया जेल-कार्ड टेक्नोलॉजी से शुरू करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने गुरुवार को असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, पश्चिमी सिंहभूम को पत्र सौंपा।

अपने मांग पत्र में त्रिशानु राय ने कहा है कि वर्तमान में रक्त केंद्र, चाईबासा में रक्त समूह एवं संगतता जांच के लिए पारंपरिक स्लाइड विधि का उपयोग किया जा रहा है, जबकि जेल-कार्ड टेक्नोलॉजी अधिक सटीक, विश्वसनीय और सुरक्षित मानी जाती है। इस तकनीक में मानवीय त्रुटियों की संभावना भी कम रहती है।

उन्होंने बताया कि कई बार स्लाइड विधि से की गई जांच के आधार पर रक्त चढ़ाने के दौरान मरीजों में एलर्जी और रिएक्शन जैसी समस्याएं देखने को मिलती हैं। ऐसे में आधुनिक तकनीक का उपयोग आवश्यक हो गया है।

त्रिशानु राय ने पत्र में उल्लेख किया है कि विभाग द्वारा रक्त केंद्र, चाईबासा को जेल-कार्ड टेक्नोलॉजी से संबंधित मशीन उपलब्ध करा दी गई है, लेकिन प्रशिक्षित तकनीशियन की कमी के कारण इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। उन्होंने मांग की कि इस तकनीक को जल्द शुरू किया जाए तथा संबंधित मशीन के संचालन के लिए दक्ष तकनीशियनों की नियुक्ति की जाए।

उन्होंने कहा कि इससे रक्त केंद्र का संचालन अधिक व्यवस्थित ढंग से हो सकेगा और जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा।

इस संबंध में उन्होंने अपने पत्र की प्रतिलिपि झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग के मंत्री को भी सूचनार्थ प्रेषित की है।

Related Post