गिरिडीह: जिले के मधुबन थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दलान चलकरी गांव में घर के भीतर सो रहे दंपती पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। इस हमले में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए धनबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर डुमरी एसडीपीओ आबिद खान और मधुबन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया गया।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय पतिया हांसदा के रूप में हुई है, जबकि उनकी पत्नी परनी मरांडी गंभीर रूप से घायल हैं। परिजनों के अनुसार, रात करीब साढ़े बारह बजे कुछ अज्ञात लोग घर में घुसे और दंपती पर हमला कर दिया। हमले के दौरान घर में मौजूद बच्चे भयभीत होकर रोने लगे। शोर-शराबा और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि पतिया हांसदा और उनकी पत्नी खून से लथपथ पड़े हुए हैं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की पहचान तथा घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

