Breaking
Sun. Jul 12th, 2026

टीएमएच गोलचक्कर पर दर्दनाक हादसा, दमकल वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत

जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) के समीप गोलचक्कर पर सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जुगसलाई पीबी रोड निवासी मो. हुसाम अख्तर के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मो. हुसाम अख्तर अपनी बाइक से यूनाइटेड क्लब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान टीएमएच गोलचक्कर के पास उनकी बाइक टाटा स्टील के एक दमकल वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक वाहन के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को वाहन के नीचे से बाहर निकाला और तत्काल एक टेंपो से इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दमकल वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

Related Post