जमशेदपुर। जमशेदपुर मैनेजमेंट एसोसिएशन (जेएमए) का वार्षिक सम्मेलन का उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न उद्योगों के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद, प्रबंधन विशेषज्ञ तथा विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सम्मेलन का उद्देश्य कॉर्पोरेट और शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संस्थानों और संगठनों को सम्मानित करना तथा आपसी सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेएमए के अध्यक्ष एवं टाटा स्टील जमशेदपुर के वाइस प्रेसिडेंट (ऑपरेशंस) चैतन्य भानु ने कहा कि बदलते समय में प्रबंधन उत्कृष्टता हासिल करने के लिए सहयोगात्मक नेतृत्व, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति और उद्योग तथा शिक्षण संस्थानों के बीच मजबूत सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास ही क्षेत्र के समग्र विकास और भविष्य की नेतृत्व क्षमता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सम्मेलन के दौरान पिछले वित्तीय वर्ष में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कॉर्पोरेट और शैक्षणिक संस्थानों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। कॉर्पोरेट श्रेणी में टाटा स्टील लिमिटेड को ‘मोस्ट विनिंग कॉर्पोरेट’ का पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल को ‘मोस्ट विनिंग कॉर्पोरेट रनर-अप’ का सम्मान मिला। वहीं टाटा पावर लिमिटेड को ‘मोस्ट पार्टिसिपेटिंग कॉर्पोरेट’ के रूप में सम्मानित किया गया।
शैक्षणिक संस्थानों की श्रेणी में नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी को ‘मोस्ट विनिंग इंस्टीट्यूट’ का पुरस्कार दिया गया। आर्का जैन यूनिवर्सिटी को ‘मोस्ट कोलैबोरेटिंग इंस्टीट्यूट’ और श्रीनाथ यूनिवर्सिटी को ‘मोस्ट पार्टिसिपेटिंग इंस्टीट्यूट’ के सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबंधन पेशेवरों ने आपस में विचार-विमर्श किया और अनुभव साझा किए। यह सम्मेलन नेटवर्किंग, ज्ञान-विनिमय और पेशेवर सहयोग को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। जेएमए ने इस अवसर पर प्रबंधन उत्कृष्टता, संस्थागत सहयोग और सामाजिक सहभागिता को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।
वार्षिक सम्मेलन का समापन सम्मान समारोह और आपसी संवाद के साथ हुआ, जहां उपस्थित सदस्यों ने भविष्य में भी उद्योग और शिक्षा जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

