लोहरदगा: सदर थाना क्षेत्र के रामपुर रुगड़ी टोली के समीप पिछले रविवार 24 मई को देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हुई कार सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान अमला टोली निवासी अब्दुल कादिर के 19 वर्षीय पुत्र फैजान अख्तर के रूप में हुई है। गंभीर अवस्था में उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। फैजान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल व्याप्त है। घटना में घायल लोगों में न्यू रोड निवासी सुहैल आलम, बंगला रोड निवासी 20 वर्षीय काफिल अंसारी (पिता- हाजी सेराज अंसारी) तथा न्यू रोड निवासी अल्तमस शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा देर रात उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार रामपुर रुगड़ी टोली के पास अचानक अनियंत्रित हो गई और जोरदार टक्कर के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों का कहना है कि यदि कार का एयरबैग नहीं खुलता तो मृतकों और घायलों की संख्या और अधिक हो सकती थी।घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

