कोडरमा। जयनगर थाना क्षेत्र में व्यापार के नाम पर एक बड़ी धोखाधड़ी और गबन का मामला सामने आया है। इस बाबत जयनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में कोडरमा भेज दिया है। यह कार्रवाई झारखंड बुक सेंटर के प्रोपराइटर नौशाद खान द्वारा जयनगर थाने में दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के आधार पर की गई है। जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता नौशाद खान ने अपने आवेदन में आरोप लगाया था कि आरोपियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत व्यापार करने का झांसा दिया। इसके पश्चात फर्जीवाड़ा और धोखाधड़ी का सहारा लेते हुए मोटी रकम का गबन कर लिया। इस गंभीर शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जयनगर पुलिस ने कांड संख्या 80/26 दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू की। जांच के क्रम में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जयनगर के सांथ निवासी विशाल चंद्रा (पिता स्वर्गीय राजू कुमार सिन्हा) और नीतिश चंद्रा (पिता अजय कुमार सिन्हा) को गिरफ्तार कर लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें कोडरमा जेल भेज दिया। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है। बताया जा रहा है कि इन आरोपियों ने क्षेत्र के दर्जनों लोगों को अपने जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये की भारी-भरकम ठगी की है। जब भी पीड़ितों द्वारा अपने पैसे वापस मांगे जाते थे, तो आरोपी लगातार टालमटोल करते हुए केवल नई तारीखें दे रहे थे। बताया जाता है कि दोनों बाजार से कम कीमत पर सीमेंट और छड़ उपलब्ध कराने की बात कहकर लोगों को साझेदार बनाते थे और फिर राशि वापस नहीं करते थे। इन लोगों ने गारंटी के तौर पर ग्राहकों एवं व्यवसाय से जुड़े लोगों को चेक दिया है। इस हाई-प्रोफाइल ठगी के मामले का खुलासा होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और आम लोगों में हड़कंप मच गया है।

