Breaking
Fri. Sep 25th, 2026

*आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत, गांव में शोक*

चाईबासा जिले के मंझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ईपीलसिंगी गांव में बुधवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से 40 वर्षीय किसान मंगल सिंह चांपिया की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब एक बजे बारिश शुरू होने से पहले मंगल सिंह चांपिया अपने घर के बाहर खड़ी टाटा मैजिक गाड़ी को ढक रहे थे। बताया गया कि उन्होंने चार दिन पहले ही गाड़ी खरीदी थी। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के समय उनका बड़ा बेटा भी उनके साथ मौजूद था। वह भी बिजली की चपेट में आया, लेकिन उसे हल्का झटका लगा और वह सुरक्षित है। आसपास मौजूद अन्य लोग भी बाल-बाल बच गए।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण मंगल सिंह चांपिया को इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि मंगल सिंह चांपिया खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं। अचानक हुई इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है।

Related Post