Breaking
Mon. May 25th, 2026

महंगाई से आम जनता परेशान, केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस का हमला

चाईबासा : देश में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय ने सोमवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 11 दिनों में चौथी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं।

त्रिशानु राय ने कहा कि 25 मई से लागू नई दरों के अनुसार पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। इसका असर झारखंड समेत पश्चिमी सिंहभूम जिले में भी देखने को मिल रहा है। जिले में पेट्रोल की कीमत 105.24 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 100.37 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चरणबद्ध तरीके से कीमतें बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है। उनका कहना है कि पांच राज्यों के चुनाव खत्म होने के बाद लगातार ईंधन के दाम बढ़ाए जा रहे हैं, जिससे महंगाई बढ़ी है और आम लोग परेशान हैं।

त्रिशानु राय ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगी और सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि जब तक बढ़ी हुई कीमतों को वापस नहीं लिया जाता या नियंत्रित नहीं किया जाता, तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।

Related Post