सरायकेला। कांड्रा थाना क्षेत्र स्थित झारखंड ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक से रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज ने मामले की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 24 मई 2026 को कांड्रा थाना में बीएनएस की धारा 308(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बैंक प्रबंधक ने शिकायत में बताया था कि 22 मई को एक मोबाइल नंबर से कॉल कर 50 हजार रुपये की मांग की गई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को “रवि लोहार” बताते हुए कहा था कि वह सरायकेला जेल में बंद है और जमानत व वकील के खर्च के लिए पैसों की जरूरत है। रुपये नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार सुबह जमशेदपुर के मानगो बस स्टैंड के समीप छापेमारी कर आरोपी बंटी गुहा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की उम्र लगभग 38 वर्ष बताई जा रही है। वह परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार आरोपी वर्तमान में पश्चिम कोलकाता के भवानीपुर थाना क्षेत्र स्थित सियालदा पार्क स्ट्रीट इलाके में रहकर यूएसएस नामक कंपनी में काम कर रहा था। उसके पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने रंगदारी मांगने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। टेल्को, सिदगोड़ा, सीतारामडेरा और कदमा थाना क्षेत्रों में रंगदारी, लूट और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामलों में उसका नाम सामने आ चुका है।
इस कार्रवाई में कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू, अवर निरीक्षक रामदयाल उरांव, कमलेश कुमार सिंह, गम्हरिया थाना के रामाशीष शुक्ला तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

