Breaking
Mon. May 25th, 2026

सोनुआ-लोटापहाड़ रेलखंड पर प्रेमी युगल की ट्रेन से कटकर मौत, पुलिस ने आत्महत्या की जताई आशंका

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ-लोटापहाड़ रेलखंड पर सोमवार सुबह युवक और युवती का शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ी जानकारी साझा की है। जांच के दौरान दोनों मृतकों की पहचान सोनुआ थाना क्षेत्र के भालूरूंगी गांव निवासी युवक और युवती के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है और पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है।

घटना सोनुआ रेलवे स्टेशन के समीप रेल ट्रैक पर हुई, जहां सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने युवक और युवती के क्षत-विक्षत शव पड़े देखे। सूचना मिलते ही सोनुआ थाना पुलिस, रेलवे पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक बैग बरामद हुआ, जिसमें कपड़े और ट्रेन के तीन टिकट मिले। टिकट सोनुआ से राउरकेला, राउरकेला से पुरी तथा टाटानगर से चक्रधरपुर तक के थे। इसके अलावा मृत युवक की जेब से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पुलिस ने मोबाइल के आधार पर दोनों की पहचान सुनिश्चित की।

सोनुआ थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा ने बताया कि मृत युवक और युवती दोनों सोनुआ थाना क्षेत्र के भालूरूंगी गांव के रहने वाले थे। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच लंबे समय से संबंध होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

रेलवे पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच जारी है।

Related Post