Breaking
Sun. May 24th, 2026

चरही एनएच पर मौत बनकर दौड़ा ट्रेलर, ओवरब्रिज के पास तीन वाहनों को मारी टक्कर, दो की दर्दनाक मौत

हजारीबाग। रामगढ़-हजारीबाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को दहला दिया। चरही थाना क्षेत्र स्थित एनएच ओवरब्रिज के समीप प्रकाश होटल के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ट्रेलर के केबिन में सवार दो लोगों की मौके पर ही दबकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार ट्रेलर संख्या BR 52 G 7513 बिहार शरीफ से ईंट लोड कर रांची की ओर जा रहा था। रविवार सुबह करीब छह बजे जब वाहन चरही एनएच ओवरब्रिज के पास पहुंचा, तभी चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार ट्रेलर सीधे सड़क किनारे खड़े वाहनों में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और घटनास्थल पर मलबा बिखर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे की चपेट में आया ट्रक संख्या UP 83 BT 4773 पानीपत से प्लास्टिक दाना लेकर विशाखापत्तनम जा रहा था। चालक रास्ते में प्रकाश होटल के पास चाय पीने के लिए वाहन खड़ा कर रुका हुआ था। इसी दौरान पीछे से आए ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रेलर ने पास में खड़े दो अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। चरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रेलर के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया था, जिसके कारण केबिन में फंसे लोगों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद एनएच पर लंबा जाम लग गया और कुछ समय तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क को खाली कराया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Post