Breaking
Sat. May 23rd, 2026

सिंहभूम चैम्बर एवं यंग इंडियन द्वारा दिव्यांगजनों हेतु रोजगार भर्ती कैम्प में 150 दिव्यांगों के बीच 65 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन*

सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं यंग इंडियन द्वारा लियोनार्ड चेशायर डिसेबिलिटी ट्रस्ट के सहयोग से चैम्बर भवन में “स्माइल परियोजना” के अंतर्गत दिव्यांगजनों के लिए रोजगार भर्ती कैम्प का सफल आयोजन किया गया।

‘‘इन्क्लूसिव टैलेंट, लिमिटलेस पॉसिबिलिटिज’’ की थीम पर आधारित इस विशेष आयोजन में लगभग 150 दिव्यांग प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें से 65 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों द्वारा चयन किया गया। यह कार्यक्रम उद्योग जगत एवं सामाजिक संगठनों के समन्वित प्रयास का उत्कृष्ट उदाहरण बना।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त श्री राजीव रंजन, भा.प्र.से. एवं अतिथि के रूप में डीटीओ धनंजय जी उपस्थित रहे।

उद्घाटन अवसर पर उपायुक्त श्री राजीव रंजन, भा.प्र.से. ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन दिव्यांगजनों को आत्मविश्वास एवं प्रोत्साहन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार दिव्यांगजन स्वयं को समाज की मुख्यधारा से अलग महसूस करने लगते हैं, लेकिन ऐसे प्रयास उन्हें समाज एवं रोजगार से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि सिंहभूम चैम्बर अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहा है तथा यंग इंडियन एवं लियोनार्ड चेशायर डिसेबिलिटी ट्रस्ट जैसी संस्थाओं का सहयोग इस दिशा में प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को सार्थक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर कार्यबल में उनकी समावेशी एवं समान भागीदारी सुनिश्चित करना है।

यंग इंडियन के पूर्व चेयरमैन उदित अग्रवाल एवं पुलकित झुनझुनवाला ने कहा कि दिव्यांगजनों में भी सामान्य व्यक्तियों की भांति असाधारण प्रतिभा, समर्पण एवं विशिष्ट दृष्टिकोण होता है, जो किसी भी संगठन के विकास एवं विविधता में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर उपलब्ध कराने की है और यह आयोजन उसी दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है।

चैम्बर के उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल एवं सचिव बिनोद शर्मा ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह अवसर उनके लिए अपनी क्षमता एवं प्रतिभा को साबित करने का मंच है। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता अन्य दिव्यांगजनों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

लियोनार्ड चेशायर डिसेबिलिटी ट्रस्ट की अनुराधा पाटिल ने कहा कि उनकी संस्था अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को समाज एवं रोजगार से जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सिंहभूम चैम्बर एवं यंग इंडियन जैसी संस्थाओं का सहयोग समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

कार्यक्रम में चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष मुरलीधर केडिया, निवर्तमान अध्यक्ष विजय आनंद मूनका तथा सम्मानित अतिथि के रूप में जुगल किशोर रिंगसिया ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता बढ़ाना एवं दिव्यांगजनों की प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना भी है।

कार्यक्रम का संचालन चैम्बर के महासचिव पुनीत कांवटिया ने किया।

इस आयोजन को सफल बनाने में चैम्बर के उपाध्यक्ष उपाध्यक्ष हर्ष अग्रवाल, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव बिनोद शर्मा, अधिवक्ता अंशुल रिंगसिया, उमेश खीरवाल, अजय अग्रवाल, पवन नरेडी तथा यंग इंडियन से आकाश केडिया, उमंग राणपारा, श्रद्धा अग्रवाल, भवनीत कौर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर सिंहभूम चैम्बर, यंग इंडियन एवं लियोनार्ड चेशायर डिसेबिलिटी ट्रस्ट की पूरी टीम ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।

Related Post