चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के पांडरासाली ओपी क्षेत्र स्थित बासाहातु गांव में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव जंगल में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मरकंडो हाइबुरू के रूप में की गई है। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मरकंडो हाइबुरू शुक्रवार दोपहर घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसी दौरान जंगल की ओर गए कुछ ग्रामीणों की नजर एक पेड़ से लटके शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर ग्रामीणों ने मृतक की पहचान मरकंडो हाइबुरू के रूप में की। इसके बाद तत्काल परिजनों को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से नीचे उतारकर घर ले आए। शनिवार सुबह मामले की सूचना पांडरासाली ओपी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मरकंडो हाइबुरू पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। अधिक उम्र होने के कारण उनकी मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं रहती थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण उन्होंने जंगल में जाकर फांसी लगा ली।
पांडरासाली ओपी पुलिस ने मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।

